चौमूँ। चौमूँ विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आगामी 12 सितंबर को प्रस्तावित दौरे को लेकर विधायक रामलाल शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जी का दौरा 12 तारीख को चौमूँ विधानसभा क्षेत्र के अंदर रखा गया है।
स्वागत है मुख्यमंत्री जी आपका, लेकिन आपके इस दौरे के उपरांत चौमूँ वासी चाहते हैं कि आपने चुनावी समर 2018 के अंदर जो घोषणा की थी कि जयपुर से गोविंदगढ़ तक मेट्रो चलाने का काम हम करेंगे लेकिन अभी तक गोविंदगढ़ तक मेट्रो पहुंचने का काम शुरू भी नहीं हुआ है।
आपकी पार्टी के जनप्रतिनिधियों ने चौमूँ वासियों को बीसलपुर योजना का पानी पिलाने की घोषणा की थी, वो घोषणा भी अभी तक पूरी नहीं हुई। आपने चौमू क्षेत्र में सीवरेज लाइन डालने की घोषणा की थी, लेकिन जो 183 करोड की प्रस्तावित योजना थी, उसे 202 करोड़ की गई, वो योजना भी धरातल के ऊपर नहीं आई और आपने विधानसभा सत्र के दौरान चौमूँ और आमेर विधानसभा के क्षेत्र वासियों को गुमराह करने की कोशिश की, कि दोनों विधानसभा क्षेत्रों को ईसरदा बांध से जोड़ने का काम करेंगे, लेकिन जलदाय विभाग के अधिकारियों द्वारा उस योजना को भी डंप करने का काम किया गया है।
कुछ दिनों पूर्व अधिकारियों से चर्चा के दौरान बताया गया कि ईसरदा बांध का पानी चौमूँ औरआमेर में पहुंचने की योजना को निरस्त कर दिया गया है। इस तरीके से आप लोक लुभावनी घोषणा नहीं करे और धरातल के ऊपर उनके क्रियान्वित ही नहीं हो। मेरा आपसे आग्रह है 12 सितंबर को जिन मुद्दों को मैंने उठाया है उन पर अपना वक्तव्य जरूर दें।
