चौमूं। राजकीय कन्या महाविद्यालय में बुधवार को मतदाता कलस्टर कैंप का आयोजन प्राचार्य डॉ. कविता गौतम की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस क्लस्टर कैंप में बीएलओ तेज प्रकाश शर्मा एवं कजोड़ मल बुनकर ने छात्राओं को वोटर हेल्पलाइन एप के विषय में जानकारी दी।
इन्होंने वोटर हेल्पलाइन एप के माध्यम से अपना नाम मतदाता सूची में पंजीकरण करने की पूरी प्रक्रिया के विषय में छात्राओं को अवगत करवाया। इस अवसर पर अनेक छात्राओं ने वोटर हेल्पलाइन एप के माध्यम से अपना पंजीकरण करवाया।
मतदाता जागरूकता क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. तौफीक हुसैन ने छात्राओं को आवश्यक रूप से मतदाता पहचान पत्र बनाने के लिए प्रोत्साहित किया। कलस्टर कैंपों का आयोजन 1 दिसंबर 2022 एवं 3 दिसंबर 2022 को भी आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर महाविद्यालय के अनेक संकाय सदस्य डॉ माधुरी गोस्वामी, डा.सांवरमल जाट,शिव सैनी, डा.प्रीति सिंह आदि उपस्थित थे।
