एक शाम श्‍याम सांवरे के नाम भजन संध्या का हुआ आयोजन, कलाकारों ने एक से बढ़कर एक दी भजनों की प्रस्तुति, उमड़ा भक्‍तों का सैलाब



जयपुर। जयपुर के राजलक्ष्‍मी मैरिज गार्डन में श्‍याम भक्तों की श्रद्धा और भक्ति का अनोखा नज़ारा भजन संध्‍या 'एक शाम श्‍याम सांवरे के नाम' में देखने को मिला, जब श्‍याम भजन संध्या में हजारों भक्तों ने शिरकत की। 

भक्तों की भारी भीड़ और उनका उत्साह इस बात का प्रमाण है कि श्याम बाबा की महिमा और भक्ति का जादू अपार है। पूरे आयोजन स्थल को विदेशी फूलों से सजाया गया था, जो भक्तों के उत्साह और आस्था को और बढ़ा रहे थे। 
सुप्रसिद्ध भजन गायक मनीष गर्ग घी वाले, इतिश्री वर्मा व हरीश वर्मा ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर दरबार में बैठे हजारों श्याम प्रेमियों को मंत्र मुग्ध कर दिया। मनीष गर्ग घी वाले ने जब चंग धमाल की प्रस्‍तुति दी तो उपस्थित श्‍याम भक्‍त झूम उठे। 


देर रात तक चली इस विशाल भजन संध्या में हवामहल विधायक बालमुकुन्‍दाचार्य महाराज, उप महापौर पुनित कर्नावट, प्रदेश मंत्री महेन्‍द्र कुमावत, महेश नगर थाना एसएचओ कविता शर्मा सहित अनेक पदाधिकारियों ने बाबा के दरबार में शीश नवाकर आशीर्वाद लिया। पंडाल में बाबा का अलौकिक श्रृंगार कर अखंड ज्योत प्रज्वलित की गई। भक्तों पर पुष्प तथा इत्र वर्षा की गई। साथ ही दरबार में अखंड ज्योत जगी। 
इस विशाल भजन संध्या में छप्‍पन भोग व बाबा खाटूश्याम का विशेष श्रृंगार से सजी सुंदर झांकी आकर्षण का केंद्र रही। मोहन कुमार बालोदिया व विजय गंगवानी ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को श्याम भक्ति में लीन कर दिया। 

सजा दो घर को गुलशन-सा मेरे सरकार आए हैं, कीर्तन की है रात बाबा आज थाणे आनो हैं, मेरे सिर पर रख दो बाबा अपने दोनों हाथ, देना हो तो दीजिए जन्म-जन्म का साथ, हारे के सहारे खाटू श्याम हमारे, मिलोगे मोहन तो बताएंगे कितना प्यार है हमें जैसी प्रस्तुतियों ने सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। 
इस दौरान पंडाल खाटू नरेश की जय, तीन बाण  धारी की जय, हारे के सहारे की जय के घोष से गुंजायमान रहा। 

आयोजन के अंत में महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने दीप जलाकर श्याम बाबा से आशीर्वाद मांगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने