चौमू। बागडो का बास ग्राम में आयोजित हो रही सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में सोमवार को कथावाचक संत सागरपुरी महाराज ने व्यास पीठ से श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि मनुष्य जीवन अनमोल है और इसका वास्तविक उद्देश्य परमात्मा की प्राप्ति है।
उन्होंने कहा कि कलियुग में भागवत कथा का श्रवण और प्रभु नाम का संकीर्तन ही जीव के समस्त कष्टों को दूर कर मोक्ष का मार्ग प्रशस्त करता है।
महाराज ने सत्संग की महिमा का वर्णन करते हुए युवाओं से अपनी संस्कृति और संस्कारों से जुड़े रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि जब समाज में धर्म और सद्भाव बढ़ता है, तभी सुख-समृद्धि का वास होता है। कथा के मध्य में गाए गए सुमधुर भजनों पर महिलाएं और पुरुष भाव-विभोर होकर झूम उठे। इस अवसर पर आयोजन स्थल पर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की आकर्षक जीवंत झांकी सजाई गई, जो श्रद्धालुओं के बीच मुख्य आकर्षण का केंद्र रही।
भक्तों ने झांकी की आरती उतारकर पुष्पवर्षा की। कार्यक्रम में बागड़ा का बास सहित आसपास की ढाणियों व गांवों से बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी मौजूद थे। अंत में महाआरती के बाद प्रसादी वितरित की गई।