चौमू। नगरपालिका में राज्य सरकार से मनोनीत पार्षद राजेश कुमार वर्मा ने कालीबाई छात्रा स्कूटी योजना की आवेदन तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर मंगलवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के शासन सचिव डॉ. समित शर्मा को ज्ञापन भेजा है।
ज्ञापन में वर्मा ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा संचालित कालीबाई मेधावी छात्रा स्कूटी योजना संचालित की जा रही है। जिसमें 12वीं में अच्छे अंक प्राप्त करने वाली छात्राएं जो कि महाविद्यालय/ विश्वविद्यालय में अध्ययनरत हैं को निशुल्क स्कूटी वितरित की जाती है। उक्त योजना में आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2022 रखी गई है।
उक्त योजना में आवेदन हेतु परिवार का जनाधार कार्ड आवश्यक है। परंतु जानकारी के अभाव में छात्र-छात्राओं द्वारा आवेदन के समय संज्ञान में आता है कि उनके बैंक अकाउंट नंबर परिवार जन आधार कार्ड में अद्यतन नहीं है। जिस कारण से उक्त योजना में आवेदन नहीं कर पा रही है। जन आधार कार्ड में बैंक अकाउंट नंबर अपडेट करवाने में कम से कम 15 दिवस का समय लगता है। जिससे कि आवेदन की अंतिम तिथि के आसपास आवेदन करने वाले आवेदकों को उक्त योजना में आवेदन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। जिससे छात्र छात्राएं उक्त योजना से वंचित रह सकती हैं।
ज्ञापन के माध्यम से वर्मा ने राज्य सरकार से छात्र छात्राओं को लाभ पहुंचाने की दृष्टि से कालीबाई छात्रा स्कूटी योजना के आवेदन तिथि बढ़ाने की मांग की है।
