बांसवाड़ा जिले के ठीकरिया में हुआ क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन, स्टेडियम का नामकरण श्री हरिदेव जोशी के नाम पर करने की घोषणा

 



जयपुर। बांसवाड़ा जिले के ठीकरिया में गुरूवार को नवनिर्मित क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी के मुख्य आतिथ्य एवं राजस्थान क्रिकेट संघ के अध्यक्ष वैभव गहलोत की अध्यक्षता में हुआ। 

कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री महेन्द्रजीत सिंह मालवीया, कृषि मंत्री लालचंद कटारिया, खेल राज्य मंत्री अशोक चांदना, जनजाति क्षेत्रीय विकास राज्य मंत्री अर्जुन सिंह बामनिया विशिष्ट अतिथि थे। कार्यक्रम में अतिथियों ने हरिदेव जोशी क्रिकेट स्टेडियम की उद्घाटन पट्टिका का अनावरण कर लोकार्पण किया।

स्टेडियम का निर्माण मनरेगा एवं एसएफसी मद से किया गया है, जिसके रखरखाव के लिए जिला प्रशासन और राजस्थान क्रिकेट संघ के बीच एक एमओयू पर हस्ताक्षर किये गये।

समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. सी.पी. जोशी ने कहा कि इस स्टेडियम की सही मायने में सार्थकता तभी सिद्ध होगी जब जिला क्रिकेट संघ खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने का काम करेगा। 

समारोह की अध्यक्षता करते हुए राजस्थान क्रिकेट संघ के अध्यक्ष श्री वैभव गहलोत ने डीसीए पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि बांसवाड़ा के कई क्रिकेट खिलाड़ियों ने राज्य ही नहीं बल्कि अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर क्रिकेट में एक अलग पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि इस क्रिकेट स्टेडियम के बन जाने से यहां की खेल प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिलेगा।

इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री महेन्द्रजीत सिंह मालवीया ने स्टेडियम के विकास के लिए 20 लाख रुपये, कृषि मंत्री लालचंद कटारिया ने विधायक मद से 10 लाख रूपये तथा टीएडी मंत्री अर्जुन सिंह बामनिया ने 30 लाख रूपये देने की घोषणा की। 

समारोह को संबोधित करते हुए खेल राज्य मंत्री अशोक चांदना ने कहा कि राज्य सरकार खेल एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए बजट में 500 करोड़ कर प्रावधान किया है तथा खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में 2 प्रतिशत आरक्षण दे रही है।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने