चूरू । राज्य सरकार की अभूतपूर्व पहल महंगाई राहत कैंप, प्रशासन गांवों के संग अभियान तथा प्रशासन शहरों के संग अभियान आमजन की सुविधा के लिए बहुत ही उपयोगी साबित हो रहे हैं। आमजन की समस्याओं का शिविर में ही निस्तारण कर लाभान्वित किया जा रहा हैं।
इसी कड़ी में सोमवार को रतनगढ़ ब्लॉक के बीनादेसर में आयोजित महंगाई राहत कैंप और प्रशासन गांवों के संग अभियान शिविर में गांव की सुमित्रा देवी पत्नी तौलाराम जाट को आवासीय पट्टा जारी किया गया।
लाभार्थी सुमित्रा जाट ने बताया कि वह पिछले 13 वर्षों से बीनादेसर में निवास कर रही हैं, लेकिन आज दिनांक तक उनकी आवासीय भूमि का पट्टा नहीं बनने के कारण वे सरकार की विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं के लाभ से वंचित थी। इसके साथ- साथ बैंक एवं फाइनेंस कंपनियां भी उन्हें आवासीय ऋण नहीं दे रही थी और इसके अलावा वह आवास योजना के लाभ से भी वंचित रहीं ।
उन्होंने बताया कि कई दिन पूर्व ग्राम पंचायत में पट्टा बनाने के लिए आवेदन किया था। प्रशासन गांव के संग अभियान शिविर के दौरान वह पट्टे के लिए आवेदन की रसीद लेकर शिविर प्रभारी उपखंड अधिकारी अभिलाषा चौधरी के समक्ष उपस्थित हुईं और अपनी समस्या के बारे में बताया।
उपखंड अधिकारी अभिलाषा ने तुरंत संज्ञान लेते हुए विकास अधिकारी दुर्गाराम पारीक एवं ग्राम विकास अधिकारी श्यामसुंदर को समस्या के समाधान हेतु निर्देशित किया। विकास अधिकारी के आदेशों की पालना में ग्राम विकास अधिकारी ने आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति करवाकर शिविर में ही मेरे घर का पट्टा बनाकर मुझे सौंपा।
उन्होंने खुश होकर कहा कि मेरे घर का पट्टा बनने से आज मैं बहुत खुश हूं। मैं अब बैंक से ऋण ले सकती हूं, आवास निर्माण करवा सकती हूं तथा अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ ले सकती हूँ।
