श्याम श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि- पूर्व पार्षद राजेश वर्मा ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन



चौमूं। आगामी 21 से 28 फरवरी तक आयोजित होने वाले खाटू श्याम जी के पावन लखी मेले को लेकर नगर परिषद चौमूं के पूर्व पार्षद राजेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जयपुर रोड स्थित उपखंड कार्यालय पहुँचकर उपखंड अधिकारी दिलीप सिंह  को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से वर्मा ने बताया कि चौमूं उपखंड क्षेत्र से होकर खाटू धाम की ओर पैदल प्रस्थान करने वाले लाखों श्याम श्रद्धालुओं की यात्रा को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं श्रद्धामय बनाए जाने की आवश्यकता से अवगत कराया गया।

वर्मा ने बताया कि मेले के दौरान जयपुर, चंदवाजी, रेनवाल रोड, बिहारीपुरा एवं सामोद रोड सहित विभिन्न मार्गों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु चौमूं क्षेत्र से होकर गुजरते हैं। 


ऐसे में शहर की स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल उपलब्धता, चल शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सहायता, सुचारु यातायात संचालन तथा मार्गों पर अतिक्रमण के प्रभावी व्यवस्थापन जैसे विषय श्रद्धालुओं की सुविधा से सीधे जुड़े हुए हैं, जिन पर समय रहते समन्वित रूप से कार्य किया जाना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि श्याम भक्तों की सेवा ही सच्ची आस्था का स्वरूप है और चौमूं से गुजरने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को स्वच्छ, सुरक्षित तथा सम्मानपूर्ण वातावरण प्रदान करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।


 इसी भावना के साथ प्रशासन से मेले से पूर्व आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता से सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित यात्रा का अनुभव प्राप्त हो सके।

इस अवसर पर बाबूजी छीतरमल बबेरवाल व नगर कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष भानु प्रसाद सैनी भी उपस्थित थे।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने