कुचामन सिटी । निकटवर्ती ग्राम हिराणी की गौशाला के सामने 40 बीघा सरकारी भूमि पर केंद्रीय जीएसटी गार्डन का निर्माण कर 150 वट वृक्ष लगाए गए हैं जिसमें एक ध्यान केंद्र भी बनाया जाएगा और एक तालाब का पक्का निर्माण भी किया जाएगा ।
गार्डन के प्रभारी और भारत सरकार जीएसटी विभाग के निरीक्षक राजेश कुमावत ने बताया कि विभाग द्वारा स्वीकृत बजट से बरगद पौधारोपण की एक बड़ी योजना बनाई गई है जिसमें एक सौ वटवृक्ष गत वर्ष अगस्त माह में लगाए गए थे और 50 वटवृक्ष आज सड़क किनारे लगाए गए हैं। गार्डन के बीच एक ध्यान केंद्र की स्थापना की जाएगी जिसके चारों तरफ 150 तुलसी के पौधे लगाए गए हैं।
इस योजना के तहत गार्डन में आज एक पर्यावरण संगोष्ठी का आयोजन किया गया उसके बाद विधिवत पूजा पाठ करके ध्यान केंद्र का शिलान्यास किया गया । संगोष्ठी के मुख्य अतिथि पर्यावरण प्रेमी पदमश्री हिम्मताराम भांभू ने पेड़ों के महत्व पर प्रकाश डाला ।उन्होंने प्राणवायु की महता बताइ तथा प्रदूषण को रोकने, पेड़ों का संरक्षण करने ,अधिक से अधिक पौधे लगाने ,नशा मुक्त जीवन जीने की बात पर जोर दिया ।श्री भांभू ने राजेश कुमावत द्वारा योजनाबद्ध तरीके से बरगद के पेड़ लगाने और बरगद का बगीचा तैयार करने के प्रयासों की सराहना की। पदमश्री ने उक्त बगीचे के चारों तरफ राज्य वृक्ष खेजड़ी के पेड़ लगवाने की भी घोषणा की।
विशिष्ट अतिथि श्री जंभेश्वर पर्यावरण एवं जीवरक्षा प्रदेश संस्था राजस्थान के अध्यक्ष एवं साहित्यकार रामरतन बिश्नोई ने वैदिक परम्परा में पेडों को देवता मानने, पेड़ों की पूजा करने ,पेड़ों पर पक्षियों के निवास करने से संबंधित भारतीय संस्कृति की मान्यताओं पर प्रकाश डाला । विश्नोई ने पेड़ों की रक्षा करने के लिए आज से 290 वर्ष पहले 363 लोगों द्वारा अमृता देवी बिश्नोई के नेतृत्व में सामूहिक बलिदान देकर पेड़ बचाने की घटना बताई।उन्होंने कहा कि नागौर जिले में एक साथ 150 वटवृक्ष लगाकर बरगद का बगीचा तैयार करने की यह एकमात्र योजना है ।
इस महान कदम के लिए केंद्र सरकार का जीएसटी विभाग और इस योजना के सूत्रधार राजेश कुमावत साधुवाद के पात्र हैं । उन्होंने बगीचे का महत्व बताया और भविष्य में योजना को सफल बनाने का आह्वान किया।
कुचामन सिटी विकास समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश काबरा ने संगोष्ठी की अध्यक्षता की ।उन्होंने बरगद बगीचे को विकसित करने में सभी को सहयोग देने का आह्वान किया । काबरा ने प्राण वायु तथा पौधारोपण के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला ।
विशिष्ट अतिथि और टैगोर एजुकेशन ग्रुप के निदेशक पूर्ण सिंह रणवा ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला प्रत्येक संतान को शिक्षित करने का आह्वान किया और नशा मुक्त जीवन जीने की प्रेरणा दी । शिक्षा जगत में कुचामन सिटी की भूमिका पर भी जानकारी दी । गार्डन के संचालक प्रभारी राजेश कुमावत ने पौधारोपण योजना की सविस्तार जानकारी दी। ध्यान केंद्र स्थापित करने का उद्देश्य बताया और सभी से आह्वान किया कि वे इस योजना को सफल बनाने में सहयोग करें।
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित हरीश प्रजापत मेड़ता, जय किशन कुमावत ,सुशीला चौहान पत्रकार शबीक अहमद उस्मानी, तेजाराम लाडणवा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। गौशाला संचालक श्रवण कुमार, मदन वैष्णव ,रामूराम सहित ग्रामीणों तथा महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। समारोह के शुरू में सभी अतिथियों को माला व साफा पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर बरगद पौधारोपण सेंट्रल जीएसटी गार्डन की ओर से सभी अतिथियों को विशेष प्रकार से तैयार किये गये स्मृति चिन्ह भेंट सम्मानित किया गया ।(तेजाराम लाडनवा की रिपोर्ट)