चौमूँ। विधानसभा क्षेत्र चौमूँ में आज दिनांक 20 जून 2022 को सायं 5:00 बजे बस स्टैंड चौमूँ में भारतीय जनता पार्टी द्वारा जन आक्रोश सभा का आयोजन किया जाएगा। जन आक्रोश सभा को लेकर तैयारियां जोरों पर है और सभा स्थल, बैठने की व्यवस्था, पांडाल आदि की समुचित व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई है। कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र चौमूँ से हजारों की संख्या में युवा, आमजन और भाजपा कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे।
जन आक्रोश सभा में मुख्य अतिथि के तौर पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, भारतीय जनता पार्टी प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवारी, सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़, सुमेधानंद सरस्वती, जिला अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा सहित कई बड़े नेता शिरकत करेंगे।
विधायक रामलाल शर्मा ने बताया कि राजस्थान की कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार के आखंड में डूबी हुई है और इस सरकार से प्रदेश की जनता को विकास की कोई उम्मीद नहीं है। चौमू विधानसभा वासियों को जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत जी से पेयजल समस्या के समाधान हेतु एक बड़ी उम्मीद बनी हुई है।
साथ ही विधायक शर्मा ने बताया कि मेरा प्रयास है कि चौमूँ विधानसभा क्षेत्र में हो रही पेयजल समस्या के समाधान हेतु इस जन आक्रोश सभा के माध्यम से भारत सरकार की आगामी पेयजल योजनाओं में चौमूँ विधानसभा के लिए पेयजल के लिए एक विस्तृत योजना तैयार की जाएगी। चौमूँ विधानसभा क्षेत्र के लिए पेयजल उपलब्ध कराने हेतु यमुना का पानी हो या ईसरदा बांध का पानी हो या फिर बीसलपुर पेयजल योजना से जोड़कर पेयजल उपलब्ध कराने का कार्य करने के लिए मांग रखी जाएगी।
इसके अलावा जन आक्रोश के माध्यम से प्रदेश के मुख्य मुद्दों यथा चारे के बढ़ते दाम, कर्ज माफी का वादा, अघोषित बिजली कटौती एवं बढ़ी हुई बिजली की दरें, होमगार्ड को परेशानी, तुष्टिकरण की राजनीति के चलते करौली, राजगढ़, जोधपुर, हनुमानगढ़, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ की घटनाएं घटित होना, सीएचए युवाओं के साथ धोखा, संविदा कार्मिकों के साथ छल, शिक्षक भर्ती पेपर लीक व अन्य भर्ती परीक्षाओं में भ्रष्टाचार, नगरपालिका चौमूँ में भ्रष्टाचार, गोविंदगढ़ तक मेट्रो चलाने की घोषणा थोथी साबित, बीसलपुर का पानी चौमूँ वासियों को पिलाने का वादा अभी तक अधूरा, वीर हनुमान मंदिर का रोप वे बंद, महिला उत्पीड़न व दुष्कर्म के मामले प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था, बेरोजगारी भत्ते की घोषणा सिर्फ चुनावी साबित होना, प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, नगर पालिका वासियों को दुकान मकान बनाने पर पट्टा शुदा भूमि पर भी मोटी वसूली आदि मुद्दों को पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा।
