रेनवाल। कस्बे में आज मुस्लिम समाज ने मोहर्रम पर्व को ऐतिहासिक रुप से सम्पन्न कराते हुये एक नया इतिहास बनाया। कस्बे सहित आस-पास के गांवो से पधारे मुस्लिम समाज के हजारों लोगो ने ईमाम हुसैन की शहादत के साथ देश के अमर शहीदो की शहादत को भी याद किया। अगस्त माह में आए मोहर्रम त्यौहार को आज मुस्लिम समाज ने तिरंगे के रंग में मनाते हुये भाईचारे एवं देशभक्ति का संदेश दिया।
रेनवाल में निकलने वाले ताजियो को देखने के लिऐ सुबह से ही बाजार में भारी भीड रहती है। रेनवाल सहित आस-पास के हजारो लोग जिसमें हिन्दु परिवार के लोग भी बहुतायत से रहते है वो सब मुख्य बाजार की दुकानों एवं मकानों की छतो पर सुबह से शाम तक बैठे रहकर अखाडो के करतब आदि देखते है।
रेनवाल में निकलने वाले तीनो ताजियो को लेकर युवा वर्ग में भी खासा उत्साह देखने को मिलता है। कस्बे में निकलने वाले तीनो ताजिये जिसमें पहला नला बाजार से शुरु होकर मुख्य बाजार पहुचता है जहाॅ सूरज भवन, चौमूं दरवाजे से आने वाले दूसरे ताजिये से मिलान होता है। यहाॅ मुमताज एवं सदीक बिसायती के सानिध्य में अखाडे के पहलवानो द्वारा विभिन्न प्रकार के खेल, करतब दिखाये जाते है।
3 वर्ष के मासूम आरिश रंगरेज जब फौजी की ड्रेस पहन कर हाथ में तिरंगा लेकर उत्साहित होकर देशभक्ति का संदेश दे रहा था तब पालिकाध्यक्ष अमित ओसवाल ने भी आगे बढकर उसका हौसला बढाया। उसके बाद पुराने यूको बैंक के पास दोनो ताजियो का तीसरे ताजिये से मिलान होता है जो पुराने रेनवाल बाग की तरफ से निकलता है । उसके बाद तीनो ताजिऐ कर्बला की ओर प्रस्थान करते है।
इससे पूर्व कस्बे के मुख्य बाजार कबूतर निवास पर मुस्लिम समाज द्वारा प्रशासन एवं जनप्रतिनिधिओ का सम्मान करते हुये उनका आभार भी व्यक्त किया जाता है। इसी कडी में आज मुस्लिम समाज द्वारा नगरपालिका अध्यक्ष अमित ओसवाल, थानाप्रभारी उमरावसिंह गुर्जर सहित कई जनप्रतिनिधिओ का सम्मान किया भी गया। ( विष्णु जाखोटिया की रिपोर्ट )
