चौमूं। मुख्यमंत्री निःशुल्क यूनिफॉर्म वितरण योजना एवं मुख्यमंत्री बाल गोपाल योजना के शुभारंभ समारोह के शुभ अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रेलवे स्टेशन चौमूं में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक भगवान सहाय सैनी के रूप में शिरकत की। विद्यालय स्टाफ द्वारा पूर्व विधायक सैनी को माला व साफा पहनाकर स्वागत सम्मान किया गया।
पूर्व विधायक सैनी द्वारा बच्चों को निःशुल्क यूनिफॉर्म वितरण व दूध पिला कर मुख्यमंत्री निःशुल्क यूनिफॉर्म वितरण योजना एवं बाल गोपाल योजना का शुभारंभ किया गया।
पूर्व विधायक ने कहा कि गहलोत सरकार प्रतिबद्ध है कि प्रदेश के हर बच्चे को शिक्षा मिले। इसके लिए राज्य के सरकारी विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए मुख्यमंत्री निःशुल्क यूनिफॉर्म वितरण एवं मुख्यमंत्री बाल गोपाल योजना का शुभारम्भ किया जा रहा है।
इन योजनाओं से विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के नामांकन व उपस्थिति में वृद्धि, ड्रॉप आउट को रोकने एवं पोषण स्तर में वृद्धि व आवश्यक मैक्रो व माइक्रो न्यूट्रिएन्ट्स उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी। ऐतिहासिक योजना का शुभारंभ करने के लिए पूर्व विधायक भगवान सहाय सैनी ने प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का हार्दिक आभार व्यक्त किया। इस मौके पर विद्यालय स्टाफ व विद्यार्थी मौजूद रहे।
