चौमूं। वर्तमान में रोजगार के बढते संकट को कौशल विकास के माध्यम से दूर किया जा सकता है। अतः हमें समाज जीवन को आसान बनाने के लिए विविध प्रकार के कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों का सहारा लेना चाहिए।
यह बात सतगुरु सरकार चैरिटेबल सोसायटी के तत्वावधान में समुत्कर्ष युवा विकास नवयुवक मंडल संस्थान एवं मानवी महिला आर्टिजन प्रोड्यूसर समूह के सहयोग से बासा रोड सांमोद स्थित सोसायटी सभागार में आयोजित कौशल संभाषण शिविर में निदेशक डॉ अनामिका सैनी ने कहीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय सरपंच बरजी देवी ने की। वहीं पूर्व सरपंच भगवान सहाय सैनी ने ऐसे अवसरों का भरपूर सदुपयोग करने की आवश्यकता पर बल दिया।
अंतर्राष्ट्रीय यूथ डेडीकेशन बहरीन प्रतिनिधि हितेश पारीक ने भारत से बाहर जाने वाले अंतरराष्ट्रीय युवा आदान प्रदान कार्यक्रम के बारे में युवाओं को अवगत कराया वहीं समुत्कर्ष युवा विकास नवयुवक मंडल संस्थान सचिव दीपक सैनी ने संस्थागत गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर नाथूलाल जाट, रीना बुनकर व कल्पना सोनी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में 5 जिलों के 13 स्थानों से 48 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
