राम सीता विवाह की सजीव एवं नयनाभिराम झांकियां प्रस्तुत होने से संपूर्ण वातावरण हुआ राममय

चौमूं । नया बाजार स्थित अग्रवाल धर्मशाला में चल रही नव दिवसीय श्रीराम कथा रस माधुरी में कथा व्यास पं महेश शर्मा हवेलीवाला ने आज चतुर्थ दिवस को राम बारात आगमन, राम विवाह, कंवर कलेवा और बारात विदाई के प्रसंग विस्तृत एवं सरस रूप से प्रस्तुत किया। 
इस अवसर पर चारों भाइयों की बारात, उनके स्वागत एवं राम सीता विवाह की सजीव एवं नयनाभिराम झांकियां प्रस्तुत होने से संपूर्ण वातावरण राममय हो गया।  बारात प्रस्थान पर सीता जी की विदाई के समय राजा जनक एवं माता सुनैना द्वारा सीता जी को गृहस्थ जीवन के बारे में दी गई सिख को कथा व्यास ने बहुत ही रोचक ढंग से आधुनिक संदर्भ में भी श्रोताओं के सम्मुख प्रस्तुत किया।

कथा आयोजन में अपना प्रभावी एवं विशिष्ट सहयोग प्रदान करने वाले श्री परशुराम सेवा समिति के अध्यक्ष शिक्षाविद हजारीलाल शर्मा एवं श्री आदर्श रामलीला मंडल के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं का कार्य कारिणी सदस्यों सहित कथा आयोजक सर्राफ परिवार की ओर से स्वागत सत्कार एवं अभिनंदन किया गया।  

कथा आयोजक परिवार के यज्ञदत्त सर्राफ ने बताया कि चौमूं नगर के मूल निवासी हृदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टर अभिषेक शर्मा कर्मवीर एवं उनकी सहधर्मिणी स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर अदिति शर्मा का भी आज के कार्यक्रम में स्वागत सत्कार एवं अभिनंदन किया गया।
कथा स्थल पर आज अंजनी धाम महामंडलेश्वर हरि कृष्ण दास महाराज ग्वालिया बाबा ने पधार कर समस्त श्रोताओं को आशीर्वाद प्रदान किया।
कल पंचम दिवस को राम वनवास, केवट प्रसंग, निषाद राज सेवा, भारद्वाज- वाल्मीकि आश्रम सेवा, चित्रकूट विश्राम एवं दशरथ मरण के कथा प्रसंग प्रस्तुत होंगे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने